गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के सबसे वीआईपी इलाकों में से एक सुशांत लोक-1 में गैलेरिया रोड पर प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है जहां सड़क के बीचोंबीच खोदे गए एक गहरे गड्ढे में महिला प्रोफेसर की कार सीधे जा गिरी।
सुशांत यूनिवर्सिटी में पदस्थ महिला प्रोफेसर
सेक्टर-55 स्थित सुशांत यूनिवर्सिटी में विभागाध्यक्ष के पद पर तैनात महिला प्रोफेसर सोमवार शाम ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं तभी अंधेरे में बिना बैरिकेडिंग वाला यह गड्ढा उनकी कार के लिए काल बन गया।
दरअसल हादसे के वक्त सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी और निर्माण कार्य करा रही एजेंसी ने सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं लगाई थी जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई।
गाड़ी के उड़े परखच्चे
गौरतलब है कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला जिससे उनकी जान तो बच गई लेकिन गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। सुशांत लोक जैसे पॉश इलाके के मुख्य मार्ग पर यह गड्ढा पिछले कई महीनों से इसी हालत में है मगर अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली।
जीएमडीए और नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलेंगी यूनिवर्सिटी एचओडी
घटना से सदमे में आई महिला प्रोफेसर ने अब गुरुग्राम पुलिस, जीएमडीए और नगर निगम में लिखित शिकायत देने का फैसला किया है ताकि इस जानलेवा लापरवाही के जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

