हिसार। औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिंदल रोलिंग मिल में 11 अप्रैल को हुए दर्दनाक हादसे में अब तक दो मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में बॉयलर में विस्फोट होने से पांच मजदूर बुरी तरह झुलस गए थे।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब शाम करीब 4 बजे पांचों मजदूर बॉयलर में स्क्रैप डाल रहे थे। इसी दौरान स्क्रैप के साथ एक एलपीजी सिलिंडर भी गलती से बॉयलर में चला गया। जैसे ही सिलिंडर बॉयलर के अंदर पहुंचा, जोरदार धमाका हो गया और उबलता हुआ पिघला स्क्रैप मजदूरों पर गिर पड़ा, जिससे सभी गंभीर रूप से झुलस गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे में सातरोड निवासी 26 वर्षीय विशाल की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी शिवशंकर ने सोमवार देर रात दम तोड़ दिया। शिवशंकर पिछले 20 वर्षों से कंपनी में कार्यरत थे और उनका इलाज जिंदल अस्पताल में चल रहा था।
घायलों में नेपाल मूल के तारा बहादुर, राजस्थान के चूरू निवासी हरिराम और उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी सूरजबली शामिल हैं। इनमें हरिराम और सूरजबली की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी और स्क्रैप में सिलिंडर की मौजूदगी बनी हादसे का कारण
मिल प्रशासन ने घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और स्क्रैप में सिलिंडर की मौजूदगी को हादसे का कारण माना जा रहा है।प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

