फरीदाबाद। जिले के डबुआ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक निजी कंपनी के कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित अमित अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान से सामान खरीद रहा था, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
जब अमित ने इस लापरवाही का विरोध किया, तो कार सवार युवकों ने नीचे उतरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी युवक सरेराह गुंडागर्दी करते नजर आ रहे हैं।
कार सवार युवकों ने की जमकर धुलाई
मारपीट के दौरान शोर सुनकर कंपनी के अन्य कर्मचारी बाहर आए और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी सौरव और उसके 3 से 4 साथी कार लेकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में पीड़ित युवक के हाथ में गंभीर चोट आई है।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
डबुआ थाना पुलिस ने अमित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच अधिकारी देवेंद्र के मुताबिक आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

