कृष्णा कुमार सैनी,चंडीगढ़। JEE Main 2026 के नतीजों में हरियाणा ने एक बार फिर देशभर में अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है। गुरुग्राम के होनहार छात्र कबीर छिल्लर ने जनवरी सत्र में पूरे 300 में से 300 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) प्राप्त की है। इस परफेक्ट स्कोर के साथ उन्होंने न सिर्फ परीक्षा में टॉप किया, बल्कि एक नया बेंचमार्क भी सेट कर दिया है।
हरियाणा से कबीर छिल्लर का संबंध
कबीर छिल्लर का संबंध हरियाणा से है और उनका परिवार भी शिक्षा से जुड़ा हुआ है। उनके पिता मोहित छिल्लर एक IITian हैं, जबकि माता प्रियंका छिल्लर एक शिक्षिका हैं। मजबूत शैक्षणिक माहौल और सही मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई में भी शानदार प्रदर्शन किया था और 10वीं कक्षा में 98% अंक हासिल किए थे।
कबीर ने Allen Career Institute से कोचिंग ली
तैयारी के दौरान कबीर ने Allen Career Institute से कोचिंग ली। उनकी रणनीति बेहद स्पष्ट और प्रभावी रही—हर टेस्ट के बाद गहराई से Self-analysis (स्वयं विश्लेषण) करना और कमजोरियों पर लगातार काम करना। उन्होंने रटने के बजाय कॉन्सेप्ट्स को समझने और क्वालिटी स्टडी (गुणवत्तापूर्ण अध्ययन) पर फोकस किया, जो उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बनी।
अर्नव गांधी ने भी किया शानदार प्रदर्शन
सिर्फ कबीर ही नहीं, बल्कि पंचकूला के अर्नव गांधी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए AIR 22 हासिल की है और 100 पर्सेंटाइल स्कोर किया है। इन दोनों छात्रों ने हरियाणा और ट्राईसिटी क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
Indian Institute of Technology Bombay से बीटेक करना कबीर का सपना
कबीर का अगला लक्ष्य देश के प्रतिष्ठित Indian Institute of Technology Bombay से कंप्यूटर साइंस में BTech करना है।
भाजपा हरियाणा परिवार सहित प्रदेशभर से इन प्रतिभाशाली छात्रों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। उनकी यह सफलता आने वाले लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।

