लक्ष्य वर्मा, करनाल. आगामी 26 अप्रैल रविवार को करनाल के डेरा कार सेवा में गुरबानी कीर्तन, कथा, दस्तार व दुमाला मुक़ाबले आदि का महान समागम होने जा रहा है जिसमे सिख क़ौम की सर्वोच्च शख़्सियतों के साथ साथ पंथ प्रसिद्ध रागी, प्रचारक शामिल हो रहे हैं।

नौवे गुरु तेग़ बहादुर जी के प्रकाश पर्व एवं दसवे गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा 1699 में ख़ालसा साजना दिवस को समर्पित महान गुरमत समागम का आयोजन बाबा सुखा सिंह जी के मार्गदर्शन में इक ओअंकार मीडिया द्वारा किया जा रहा है।

इक ओअंकार मीडिया की स्थापना के एक वर्ष पूरे होने पर डेरा कार सेवा में सुबह 9:30 बजे श्री सहज पाठ साहेब के भोग के पश्चात कथा व कीर्तन का आयोजन किया जाएगा जिसमे सचखंड श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई राय सिंह, तख़्त श्री दमदमा साहिब के हजूरी रागी व तन्ती साजों पर कीर्तन करने वाले भाई बिंदर सिंह, प्रसिद्ध कथावाचक ज्ञानी परमजीत सिंह ख़ालसा आनंदपुर साहिब वाले और भाई बलविंदर सिंह हज़ूरी रागी गुरुद्वारा मंजी साहिब पाठशाला पहली, द्वारा गुरबानी कीर्तन, गुरशब्द विचार व इतिहास से सीख संगत को जोड़ा जाएगा।


डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा सुखा सिंह ने इलाका निवासी गुरुद्वारा कमेटियों, सिख संस्थाओं और सिख संगत से परिवारों सहित इस समागम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि समागम में गुरु का लंगर अटूट बरतेगा।

आज डेरा कार सेवा में आयोजित प्रेस वार्ता में इक ओअंकार मीडिया के प्रबंध निदेशक प्रीतपाल सिंह पन्नु ने इस संपूर्ण समागम की जानकारी दी और बताया कि इस विशेष समागम में सभी को शामिल होने का खुला निमंत्रण है।

उन्होंने बताया कि समागम में इंटरनेशनल सिख फोरम, दशमेश अखाड़ा, गुरु नानक सेवक जत्था, स्त्री सत्संग सभा गुरुद्वारा मंजी साहिब, गुरु नानक सेवा सोसायटी, भाई घनहैया जी सुखमनी साहिब सोसायटी, नौजवान सुख सेवा दल, निमाना सेवक जत्था सहित।

विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों और सिख संस्थाओं द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। प्रेस वार्ता में दशमेश अखाड़ा के प्रधान गुरतेज़ सिंह ख़ालसा, सचिव सुरजीत सिंह लाभ सिंह कॉलोनी, गुरु नानक सेवा सोसायटी से जतिंदर सिंह, इंटरनेशनल सिख फोरम के सचिव परमजीत सिंह बेदी, मंजीत सिंह सोनी, मनिंदर सिंह बब्बु व शमशेर सिंह मौजूद रहे।

आने वाले रविवार को डेरा कार सेवा में जहाँ इक ओअंकार मीडिया द्वारा गुरमत समागम करवाये जा रहे हैं, वहीं दशमेश अखाड़ा के साथ मिलकर दस्तार व दुमाला मुक़ाबले भी करवाये जा रहे हैं।

बाबा सुखा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन मुकाबलों में पांच से पच्चीस वर्ष के सिख बच्चे व नौजवान भाग ले सकते हैं जिन्हें अगल अलग आयु वर्गों में बांटा जाएगा। ये सभी दस्तार अथवा दुमाला मुक़ाबले में भाग ले पाएंगे। लड़कियों के लिए केवल दुमाला मुकाबला रखा गया है जिसका ग्रुप अलग रहेगा।

गुरतेज सिंह ख़ालसा ने बताया कि इन मुकाबलों में सभी बच्चों को सर्टिफिकेट दिए जाएँगे व हर ग्रुप में प्रथम, दूसरे व तीसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को 2100, 1500 व 1100 के नगद इनाम व मेमेंटो दिए जाएँगे। भाग लेने के इच्छुक किसी भी आयोजक को फ़ोन पर अपनी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं अथवा मौके पर सुबह 9 बजे पहुँच कर अपनी रजिस्ट्रेशन करवा मुक़ाबले में शामिल हो सकते हैं।