परवेज खान, यमुनानगर. जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान ने छछरौली अनाज मंडी का तूफानी दौरा कर खट्टर-सैनी सरकार के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। मंडी में फैली भारी अव्यवस्थाओं को देखकर विधायक ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के तमाम वादे महज कागजी और खोखले साबित हो रहे हैं।

मंडी में बारदाने की भारी किल्लत और अनाज की लिफ्टिंग न होने से चारों तरफ फसलों के ढेर लगे हैं, जिससे किसान और आढ़ती दोनों खून के आंसू रोने को मजबूर हैं। अकरम खान ने पोर्टल सिस्टम को किसानों के लिए जी का जंजाल बताते हुए मांग की कि तकनीकी खामियों को दूर कर अन्नदाताओं को राहत दी जाए।

जनाजा निकल चुका है कानून व्यवस्था का

मंडी में किसानों और आढ़तियों की व्यथा सुनने के बाद विधायक अकरम खान ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सरकार को बुरी तरह घेरा।

दुष्यंत चौटाला मामले पर भड़के अकरम खान

उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और पुलिस के बीच हुई तनातनी को प्रदेश के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि जब इतने बड़े कद के नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी का क्या होगा।

दावों की खुली पोल

विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि हरियाणा में कानून का जनाजा निकल चुका है और सरकार केवल तमाशा देख रही है। इस दौरान किसानों ने गेहूं के भुगतान में देरी और तौल में हो रही बड़ी हेराफेरी के गंभीर आरोप भी लगाए, जिससे मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया है।