सोनू वर्मा, नूंह। जिला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुन्हाना सीआईए (CIA) स्टाफ ने बिछौर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 इंच लंबा अवैध तेजधार चाकू बरामद किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिछौर निवासी एक संदिग्ध युवक गांव बीमका से बिछौर की ओर पैदल जा रहा है, जिसके बाद नीमका चौक पर नाकाबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया।

बैग में छिपा रखा था घातक हथियार

पकड़े गए आरोपी की पहचान मौसम उर्फ डोजर (पुत्र हकमुद्दीन, निवासी बिछौर) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने जब संदिग्ध की तलाशी ली, तो उसके बैग से एक घातक चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को एक और बड़ी जानकारी मिली है।

गोकसी का वांछित अपराधी निकला डोजर

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी मौसम उर्फ डोजर न केवल अवैध हथियार रख रहा था, बल्कि वह पहले से ही बिछौर थाने में दर्ज गोकसी (Cow Slaughtering) के एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने एक साथ दो मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। आरोपी से फिलहाल पूछताछ जारी है ताकि उसके अन्य आपराधिक संपर्कों का पता लगाया जा सके।