सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। जिले के चाहरवाला गांव में 28 एकड़ पुश्तैनी जमीन के लालच में एक मां अपनी ही सगी बेटी की जान लेने पर उतारू हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक खौफनाक वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला अपने भांजे और कुछ युवकों के साथ मिलकर अपनी ही बेटी को डंडों से बेरहमी से पीट रही है।
जमीन का वारिस न होना बना घर की बर्बादी का कारण
दरअसल, यह पूरा विवाद चाहरवाला निवासी फकीरचंद ढाका की मौत के बाद शुरू हुआ। फकीरचंद की 28 एकड़ बेशकीमती जमीन का कोई पुरुष वारिस नहीं है। उन्होंने दो शादियां की थीं जिनसे उनकी कुल चार बेटियां हैं। पिता की मौत के बाद जमीन ऑनलाइन चारों बेटियों के नाम दर्ज हो गई, लेकिन अब यही जमीन इनके बीच नफरत की दीवार बन गई है। मामला फिलहाल कोर्ट में है, लेकिन चारों बहनें अब एक-दूसरे के खून की प्यासी हो गई हैं।
खेत में कब्जे को लेकर हुआ खूनी संग्राम
गौरतलब है कि गेहूं की कटाई के बाद जैसे ही खेत खाली हुए, कब्जे का खेल शुरू हो गया। बड़ी बेटी जब अपने हिस्से की जमीन जोतने पहुंची, तो वहां पहले से ही मां मीरा और छोटी बहन लक्ष्मी घात लगाकर बैठी थीं। जैसे ही काम शुरू हुआ, मां और छोटी बेटी ने मिलकर बड़ी बेटी पर हमला बोल दिया। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे महिला को नीचे गिराकर डंडों से वार किए जा रहे हैं और छोटी बहन तमाशबीन बनकर वीडियो बना रही है।
मां का पक्ष और बहनों की रंजिश
दरअसल, बुजुर्ग मां मीरा अपनी छोटी बेटी लक्ष्मी के साथ रहती है, जो कि तलाकशुदा है। मां चाहती है कि जमीन का बड़ा हिस्सा लक्ष्मी और उसके बेटे के पास रहे, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। इसी पक्षपात और जिद ने सगी बहनों के बीच ऐसी रार पैदा कर दी है कि अब बात लाठी-डंडों और जान लेने तक पहुंच गई है। फिलहाल गांव के सरपंच और पुलिस इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई बड़ी अनहोनी न हो जाए।

