प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। शहर की देसराज कॉलोनी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां रहने वाले 40 वर्षीय प्रमोद ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शीशे के दरवाजे से दिखी खौफनाक मंजर

मृतक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले (गांव कुड़क) का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, प्रमोद का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ था। जब उसकी पत्नी माया ने कमरे के शीशे वाले दरवाजे से अंदर देखा, तो उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर इकट्ठा हुए पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर उसे फंदे से नीचे उतारा और तुरंत सिविल अस्पताल ले गए।

14 साल पहले हुई थी शादी

माया ने बताया कि उसकी शादी करीब 14 साल पहले प्रमोद के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं (दो बेटियां और एक बेटा)। माया के अनुसार, प्रमोद शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में झगड़ा करता था। पति-पत्नी पिछले काफी समय से पानीपत में मजदूरी कर अपने बच्चों का पेट पाल रहे थे, लेकिन शराब की लत ने घर की शांति छीन ली थी।

मजदूरी कर पाल रहा था परिवार

प्रमोद की मौत के बाद अब परिवार के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरी कर घर चलाने वाला पिता अब इस दुनिया में नहीं है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।