करनाल के मधुबन रावर नहर के पास सीआईए-1 (CIA-1) और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गगन (Gaggu) के पैर में गोली लगी है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसमें सरकारी गाड़ी का शीशा भी टूट गया।
लक्ष्य वर्मा, करनाल। जिले में गुरुवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ देखने को मिली। मधुबन रावर नहर की पटरी पर करनाल पुलिस की सीआईए-1 (CIA-1) टीम और बदमाशों का आमना-सामना हुआ। खुद को घिरा देख बदमाश गगन ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से की गई गोलीबारी में पुलिस की गाड़ी के शीशे पर गोली लगी, जिसमें पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गगन के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर गया।
फायरिंग मामले का आरोपी और पुलिस कार्रवाई
मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी गगन को तुरंत करनाल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, गगन बीते दिनों करनाल के कर्ण विहार में हुई फायरिंग की घटना में मुख्य आरोपियों में शामिल था। इस संबंध में करनाल के थाना 32-33 में पहले से ही मामला दर्ज है और पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ वाली जगह को पुलिस ने सील कर दिया है और मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं।

