गुरुग्राम। जिला प्रशासन द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगाम लगाने के दावे धरातल पर पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें बड़े सप्लायरों पर शिकंजा कसने के बजाय केवल छोटे दुकानदारों को निशाना बनाकर इतिश्री कर रही हैं। शहर की दुकानों में हजारों किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक मौजूद होने के बावजूद नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम पूरे दिन की मशक्कत के बाद महज 40 किलो प्लास्टिक ही जब्त कर पाई है जो सिस्टम की सुस्ती को उजागर करता है।

कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति और कागजी जागरूकता का खेल

सदर बाजार क्षेत्र में नगर निगम और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने अभियान तो चलाया लेकिन इसका असर बेअसर ही रहा। एसडीओ आशीष गहलावत के नेतृत्व में टीम ने गलियों में घूमकर चालान काटे और कपड़े के बैग इस्तेमाल करने की हिदायत दी। अधिकारी भले ही इसे जागरूकता अभियान का हिस्सा बता रहे हों लेकिन शहर में धड़ल्ले से हो रही प्लास्टिक की सप्लाई यह बताने के लिए काफी है कि धरातल पर नियम लागू करने में प्रशासन नाकाम रहा है।