अंबाला। शहर के नारायणगढ़ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां यमुनानगर की रहने वाली 28 वर्षीय नैना ने ससुराल में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मौत से ठीक पहले उसने सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा किया था, जो अब वायरल हो रहा है।

काश कोई मुझे समझ पाता: नैना का आखिरी संदेश

जगाधरी के मुखर्जी पार्क की रहने वाली नैना ने सुसाइड से कुछ देर पहले इंस्टाग्राम पर एक दुखद गाने के साथ अपनी फोटो पोस्ट की थी। उसने कैप्शन में लिखा कि मुझे किसी ने नहीं समझा, काश मुझे समझ पाते। यह पोस्ट अब उसकी खामोश चीख बन गई है, जिससे साफ पता चलता है कि वह अंदर ही अंदर किस कदर टूट चुकी थी।

फैक्ट्री वाले बाप से गाड़ी और सोना लाओ: मां के गंभीर आरोप

नैना की मां पूनम ने बेटी की मौत के लिए पूरी तरह ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए नैना को प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले अक्सर उसे ताना मारते थे कि तेरा बाप फैक्ट्री वाला है, उससे पैसे मांगकर गाड़ी और सोने की अंगूठी दिलवा। हर बार विवाद होने पर पंचायत बैठती थी और ससुराल वाले हाथ जोड़कर माफी मांग वापस ले जाते थे, लेकिन घर पहुंचते ही फिर से वही जुल्म शुरू हो जाता था।

अधूरा रह गया बड़े ब्यूटी पार्लर का सपना

नैना एक आत्मनिर्भर महिला बनना चाहती थी। उसने पार्लर का कोर्स पूरा कर लिया था और अब हेयर प्रोफेशन में महारत हासिल करना चाहती थी। वह खुद का एक बड़ा ब्यूटी पार्लर खोलने का ख्वाब देख रही थी। इसके लिए वह छोटी-मोटी कमाई से कमेटी डालकर पैसे भी जोड़ रही थी ताकि अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सके। वह अक्सर अपनी मां से कहती थी कि जल्द ही उसका बड़ा पार्लर खुलेगा, लेकिन लालच और प्रताड़ना ने उसके सपनों का गला घोंट दिया।

पुलिस खंगालेगी पुरानी पंचायतों का रिकॉर्ड

नारायणगढ़ पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जांच तेज कर दी है। थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और शुरुआती तौर पर यह सुसाइड का मामला लग रहा है। पुलिस अब उन सभी पंचायतों और समझौतों की जानकारी जुटा रही है जो पहले हो चुके हैं। ससुराल पक्ष के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।