धनेश, धारूहेड़ा/रेवाड़ी। अपने घर को ताला लगाकर परिवार सहित साइबर सिटी गुरुग्राम गए ट्रांसपोर्टर के घर के ताले तोड़कर चोर 2 लाख नगद और 13 तोला सोने के जेवर चुरा ले गए। दोपहर बाद जब यह परिवार अपने घर लौटा तो उसको घर क ताले टूटे हुए मिले। सीसीटीवी में एक रिक्शा कबाड़ी कैद हुआ।

धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव खरखड़ा के ट्रांसपोर्टर अनूप यादव ने धारूहेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शुक्रवार को वह घर को ताला लगाकर परिवार के साथ किसी कार्य से गुरुग्राम गया था। देर शाम को जब घर लौटा तो ताले टूटे हुए मिले। अंदर कमरे में अलमारियों का सारा सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि लगभग 13 तोले के सोने के जेवरात व 2 लाख रुपये की नगदी बैग से गायब है। उसने तुरंत इसकी सूचना धारूहेड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो एक संदिग्ध कबाड़ी अपनी रिक्शा केसाथ दिखाई दिया। परिजनों ने इसी पर चोरी का शक जताया है। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
