सोनीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंडली क्षेत्र से लापता एक 8 वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर लिया है। "मिशन मुस्कान" अभियान के तहत पुलिस ने बच्चे के परिजनों को ढूंढकर उसे उनके सुपुर्द किया।
संजीव घनगस, सोनीपत। पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे को उसके परिजनों से मिलवाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। मामला कुंडली थाना क्षेत्र का है, जहां एक बच्चा अपने घर से रास्ता भटक कर लापता हो गया था। सोनीपत की पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS, ADGP) द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए दिए गए सख्त निर्देशों के पालन में, पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए खोजबीन अभियान शुरू किया और बच्चे को सकुशल बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
डायल-112 की मुस्तैदी और टीम की कार्रवाई
घटनाक्रम के अनुसार, 25 अप्रैल की रात करीब 10 बजे डायल-112 के माध्यम से कुंडली पुलिस को सूचना मिली कि एक छोटा बच्चा लावारिस हालत में मिला है। सूचना मिलते ही थाना कुंडली में तैनात मुख्य सिपाही तरुण संदीप अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने बच्चे से आत्मीयता से बात की और उससे मिली जानकारी के आधार पर रात में ही उसके गांव और घर का पता लगाने के लिए गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। स्थानीय इनपुट और तकनीकी सहायता की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के माता-पिता का पता लगा लिया।
परिजनों ने “मिशन मुस्कान” का जताया आभार
बच्चे के परिजनों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद पुलिस ने उसे “मिशन मुस्कान” के तहत उनके सुपुर्द कर दिया। अपने जिगर के टुकड़े को दोबारा अपनी आंखों के सामने देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने सोनीपत पुलिस की इस मानवीय पहल व त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश सोनीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस सफल अभियान ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय मुस्तैद है।

