संजीव, सोनीपत। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. बिजेंद्र अहलावत लगातार चौथी बार निर्वाचित हुए हैं। उनकी इस जीत पर सोनीपत के अधिवक्ताओं में खुशी की लहर है और इसे उनके प्रति भरोसे व कार्यशैली की बड़ी स्वीकृति माना जा रहा है।


डॉ. अहलावत की जीत पर अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बार के पूर्व प्रधान अनूप दहिया के नेतृत्व में उनका स्वागत किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल में उनके पूर्व कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की।

अनूप दहिया ने बताया कि डॉ. बिजेंद्र अहलावत इससे पहले दो बार बार काउंसिल के चेयरमैन रह चुके हैं और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे कॉलेज में भी प्रधान पद पर रहते हुए सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।

जिला बार प्रधान कमल हुड्डा व अधिवक्ता प्रणयदीप ने कहा कि लगातार चौथी बार जीत दर्ज करना आसान नहीं होता, यह अधिवक्ताओं के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. अहलावत का रोहतक और सोनीपत बार एसोसिएशनों से विशेष जुड़ाव रहा है और वे हमेशा अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आगे रहते हैं।

अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बार काउंसिल आगे भी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करती रहेगी।