हरियाणा कांग्रेस ने आगामी निकाय चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने शहरों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने, सीसीटीवी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे में सुधार का संकल्प लिया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रदेश में 10 मई को होने वाले सात नगर निकायों के चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र (Manifesto) जारी कर दिया है। “हाथ बदलेगा हालात” के मुख्य नारे के साथ पार्टी ने प्रदेश की जनता से शहरों का कायाकल्प करने का वादा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने संयुक्त रूप से यह घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि शहरों को भ्रष्टाचार के दलदल से बाहर निकालकर उन्हें आधुनिक और सुरक्षित बनाना है।

भ्रष्टाचार मुक्ति और आधुनिक बुनियादी ढांचे पर ज़ोर
कांग्रेस के इस 15-सूत्रीय संकल्प पत्र में शहरी शासन को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का वादा किया गया है। पार्टी ने शहरों को ‘ग्रीन सिटी’ के रूप में विकसित करने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और सुरक्षा के लिए पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा, कूड़ा निस्तारण के लिए आधुनिक यूनिट्स की स्थापना, सफाई कर्मियों के खाली पदों को तुरंत भरने और पुरानी पेयजल पाइपलाइनों को बदलने जैसे महत्वपूर्ण वादों को प्रमुखता दी गई है। कांग्रेस नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि विकास और विश्वास की इस नई नीति के साथ प्रदेश की जनता नगर निगमों को फिर से ‘विकास का केंद्र’ बनाएगी।


