चंडीगढ़। Rain Alert in Haryana : हरियाणा में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत वाली खबर सामने आ रही है। प्रदेश में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 18 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दरअसल पिछले कुछ दिनों से सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा था लेकिन अब अगले 48 घंटों में पारे में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में होगी झमाझम बारिश और गिरेगी बिजली
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक भिवानी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और अंबाला समेत 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि नारनौल में पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया था जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अब इस मौसमी बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की कमी आ सकती है जिससे दोपहर की लू का असर कम हो जाएगा।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
बता दें कि 28 अप्रैल को बारिश की गतिविधियों में और ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी खासकर सिरसा और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। वहीं 29 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे जिलों में धूलभरी आंधी के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा। हालांकि 30 अप्रैल से मौसम फिर से साफ होने लगेगा। राहत की बात यह है कि जो रातें अभी तक 30 डिग्री के ऊपर तप रही थीं उनमें भी 2 डिग्री तक की गिरावट आएगी जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को चैन मिलेगा।

