सोनीपत ( संजीव घनगस)। सोनीपत बार एसोसिएशन के प्रधान कमल हुड्डा की अध्यक्षता में सोमवार को बार की जनरल हाउस मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में न्यायपालिका के माननीय अधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जहां बार और न्यायपालिका के बीच सकारात्मक संवाद देखने को मिला।

बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक मान के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान को सराहा। वहीं नव-नियुक्त न्यायिक अधिकारियों प्रदीप सिंह, हिमानी और अंकित राणा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर बार प्रधान कमल हुड्डा ने न्यायालय परिसर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सभी अदालतों में एयर कंडीशनर (एसी) लगाने, पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुराने वॉटर कूलरों की मरम्मत तथा नए वॉटर कूलर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही क्लर्क रूम में बढ़ती गर्मी से राहत के लिए कूलर या एसी की व्यवस्था करने की भी मांग की गई।

बैठक में उपस्थित जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत ने बार को आश्वस्त किया कि इन सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा और जल्द ही सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम में बार सचिव संदीप खरब, कोषाध्यक्ष परवीन कुमार ढिल्लों और संयुक्त सचिव कृतिका दहिया सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे। बार एसोसिएशन ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे न्यायालय परिसर में सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।