करनाल के पॉश इलाके सेक्टर-12 स्थित हुड्डा ग्राउंड में सोमवार को अचानक आग लग गई। बिजली के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट और बढ़ती गर्मी को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है।

लक्ष्य वर्मा, करनाल। जिले के सेक्टर-12 स्थित हुड्डा ग्राउंड में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब खाली मैदान में खड़ी सूखी घास और झाड़ियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं भर गया। यह घटना बिजली कार्यालय के ठीक पीछे की ओर हुई, जहां खाली जमीन पर काफी झाड़ियां मौजूद थीं। गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन जिस रफ्तार से आग फैल रही थी, वह एक बड़ी तबाही का सबब बन सकती थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।

बाल-बाल बचे वाहन और चैंबर

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बिजली कार्यालय के पिछली तरफ स्थित एक ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से चिंगारी निकली, जिसने सूखी घास को अपनी चपेट में ले लिया। बढ़ती गर्मी के कारण झाड़ियां पूरी तरह सूखी हुई थीं, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना स्थल के बेहद करीब ही वकीलों के चैंबर और एक बड़ी पार्किंग मौजूद है, जहां हर समय सैकड़ों वाहन खड़े रहते हैं। यदि फायर ब्रिगेड पहुंचने में थोड़ी भी देरी करती, तो आग पार्किंग में खड़े वाहनों और चैंबरों तक पहुंच सकती थी, जिससे भारी जान-माल का नुकसान होने की संभावना थी।