सोनीपत नगर निगम चुनाव को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए आईएएस पंकज को जनरल ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने पदभार संभालते ही चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा शुरू कर दी है।
संजीव घनगस, सोनीपत। नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त नेहा सिंह ने जानकारी दी कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के उद्देश्य से 2020 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज को सामान्य प्रेक्षक (जनरल आब्जर्वर) नियुक्त किया गया है। वर्तमान में नगर निगम पानीपत के आयुक्त के पद पर कार्यरत श्री पंकज को पूर्व में नियुक्त आईएएस अंकित कुमार चौकसे के स्थान पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन की ओर से उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं और उनका संपर्क नंबर (9468266626) भी साझा किया गया है ताकि चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

चुनावी तैयारियों की समीक्षा: अधिकारियों के साथ विशेष चर्चा
सामान्य प्रेक्षक की नियुक्ति का मुख्य ध्येय संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करना और आचार संहिता का कड़ाई से पालन करवाना है। कार्यभार संभालते ही जनरल आब्जर्वर श्री पंकज ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में उन्होंने सोमवार को मेयर पद के लिए नियुक्त रिटर्निंग ऑफिसर (RO) एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं, मतदान केंद्रों की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना न रहे।
प्रशासनिक मुस्तैदी: सुचारू मतदान हेतु दिशा-निर्देश जारी
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि चुनाव कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को रोकने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मतदाता बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। प्रेक्षक की नियुक्ति के साथ ही अब चुनावी व्यवस्थाओं की निगरानी और अधिक सख्त कर दी गई है। सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा रही हैं और आने वाले दिनों में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि लोकतंत्र का यह पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

