संजय घनगस, सोनीपत। नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने सोमवार को अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान विभिन्न सभाओं और कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए कहा कि इस बार चुनाव में जनता का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। खासकर युवाओं और महिलाओं की भागीदारी यह संकेत दे रही है कि वे केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से संतुष्ट हैं।

राजीव जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के आधार पर भाजपा नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने दावा किया कि मेयर बनने के बाद वे नौ महीनों के भीतर ही विकास कार्यों के जरिए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जैन ने कहा कि प्रदेश की जनता उन्हें बार-बार नकार चुकी है और इस बार भी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी खींचतान चरम पर है, जिससे जनता का भरोसा उठ चुका है। मतदाता समझदार हैं और वे विकास व स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता देंगे।

जनसंपर्क अभियान के दौरान राजीव जैन ने सेक्टर-15 स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित भारतीय जैन मिलन के 34वें क्षेत्रीय अधिवेशन में भाग लिया। इसके अलावा वार्ड-12 में भाजपा प्रत्याशी साधना तनेजा के कार्यालय उद्घाटन, सब्जी मंडी मार्केट एसोसिएशन के कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक आयोजनों में पहुंचकर लोगों से समर्थन मांगा।

इस मौके पर पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व विधायक अनिल ठक्कर, ललित बत्रा समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।