नवीन शर्मा, हांसी। हरियाणवी गायक व अभिनेता मासूम शर्मा हांसी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने समर्थकों के साथ अपनी फिल्म लाइसेंस देखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि फिल्म का प्रचार किसी बड़ी इंटरनेशनल टीम के भरोसे नहीं, बल्कि भगवान राम की कृपा और दर्शकों के सहयोग से किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि वे हिसार और भिवानी के बाद हांसी पहुंचे हैं और लगातार अलग-अलग जिलों में जाकर दर्शकों से सीधे जुड़ रहे हैं। आज भी उनका तीन अन्य जिलों में जाने का कार्यक्रम है। उन्होंने दावा किया कि उनकी फिल्म देश-विदेश में अच्छा प्रदर्शन कर रही है और कई जगहों पर शो हाउसफुल चल रहे हैं।


विवादों पर दिया जवाब
मीडिया से बातचीत में मासूम शर्मा ने अपने ऊपर उठ रहे विवादों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें आम हैं और व्यक्ति को आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे विवाद हर बड़े शहर में होते रहते हैं, इसलिए इन पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना जरूरी है।


आने वाली फिल्मों का ऐलान
मासूम शर्मा ने अपनी आगामी फिल्मों को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही लाइसेंस 2 की शूटिंग शुरू होगी और इसके साथ एक नई फिल्म भी आएगी, जो समाज को महत्वपूर्ण संदेश देगी। यह फिल्म इमिग्रेशन जैसे गंभीर विषय पर आधारित होगी।


गौरतलब है कि मासूम शर्मा की फिल्म लाइसेंस 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और कई स्थानों पर इसके शो लगातार हाउसफुल चल रहे हैं। उनके प्रशंसक बड़ी संख्या में सिनेमाघरों के बाहर जुट रहे हैं, जिससे फिल्म की लोकप्रियता साफ नजर आ रही है।