अजय सैनी, भिवानी। भिवानी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) की परीक्षा शाखा की कार्यप्रणाली को लेकर NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष मनजीत लंगायन के नेतृत्व में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में अव्यवस्था और लेट-लतीफी का खामियाजा सीधे तौर पर हजारों छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। ज्ञापन के जरिए छात्रों ने बढ़ाई गई फीस को तुरंत कम करने, दिसंबर 2025 की लंबित यूजी-पीजी परीक्षाओं के परिणाम जल्द जारी करने, डिग्री, डीएमसी और माइग्रेशन सर्टिफिकेट तय समय सीमा में देने, और ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी खामियों को तुरंत ठीक करने की मांग उठाई।
छात्रों का कहना है कि पोर्टल की खराबी के कारण परीक्षा फॉर्म भरने तक में दिक्कत आ रही है। मामला तब और गंभीर हो गया जब आदर्श महिला महाविद्यालय के बीसीए (2023-26) प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में गणित विषय में लगभग पूरी कक्षा को री-अपीयर घोषित कर दिया गया।
इस पर एनएसयूआई ने उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग की है। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी, डिग्री, डुप्लीकेट दस्तावेज और पीएचडी फीस में की गई भारी बढ़ोतरी को छात्र विरोधी करार दिया गया।
समय पर परिणाम न आने से छात्र उच्च शिक्षा में दाखिले और प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन से वंचित
जिला अध्यक्ष मनजीत लंगायन ने कहा कि समय पर परिणाम न आने से छात्र उच्च शिक्षा में दाखिले और प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन से वंचित हो रहे हैं। जिनके परिणाम आ भी रहे हैं, उनमें भारी त्रुटियां सामने आ रही हैं, जिन्हें ठीक कराने में महीनों लग रहे हैं। वहीं डीएमसी, डिग्री और माइग्रेशन जैसे जरूरी दस्तावेज भी समय पर जारी नहीं किए जा रहे, जिससे दूर-दराज के छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
संगठन प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेगा
एनएसयूआई ने साफ कहा कि अगर फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई और लंबित परिणाम जल्द जारी नहीं किए गए, तो संगठन प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेगा। इस दौरान भूमि सोनी, सलोनी, रिंकी, नित्या, साक्षी, वर्षा, पुष्पा, बबीता और काजल समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

