ज्ञान उपाध्याय, गाजियाबाद. लोनी के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र की रामपार्क सुधीर एन्क्लेव कॉलोनी में सोमवार रात आंधी से कॉस्मेटिक फैक्ट्री की निर्माणाधीन दीवार का एक हिस्सा गिर गया. हादसे में पड़ोसी के मकान की छत पर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची साक्षी की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि पिता इंदलराम गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इसे भी पढ़ें- एक गलती और 3 जिंदगी खत्म..! बारात जाने के लिए कार से निकले 5 लोग, हुआ कुछ ऐसा कि तीन लोगों की थम गई सांसें

बता दें कि बिहार के सिरसा निवासी इंदलराम राजमिस्त्री हैं. वह पत्नी मुन्नी देवी, बेटे मनकूश और बेटी साक्षी (3) के साथ किराए के मकान में रहते हैं. सोमवार शाम इंदलराम काम से लौटे थे. घर में गैस सिलेंडर न होने के कारण मुन्नी देवी छत पर खाना बना रही थीं. उनके साथ बेटा मनकूश था. इंदलराम छत के दूसरी ओर बेटी साक्षी के साथ बैठे थे. पड़ोस में तीन मंजिला कॉस्मेटिक क्रीम फैक्ट्री का निर्माण चल रहा है. शाम को आई आंधी से फैक्ट्री की तीसरी मंजिल की निर्माणाधीन दीवार का हिस्सा टूटकर गिर गया. इसके मलबे में इंदलराम और साक्षी दब गए. मुन्नी देवी के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और दोनों को निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया.

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. घायल इंदलराम ने कहा कि बेटी के अंतिम संस्कार के बाद शिकायत देंगे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी आरोपी को खुद बचा रहे…फतेहपुर घटना को लेकर अखिलेश यादव का तीखा हमला, जानिए क्यों कही इतनी बड़ी बात

परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. इंदलराम के भाई ने आरोप लगाया कि फैक्टरी मालिक ने निर्माण में लापरवाही बरती. कॉलम मानक के अनुसार नहीं भरे गए थे. उन्होंने जीडीए से जांच की मांग की कि फैक्टरी का नक्शा पास था या नहीं. परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री मालिक की लापरवाही से बच्ची की जान गई है. उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है.