हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने पानीपत दौरे के दौरान पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत का दावा किया और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज आज पानीपत पहुंचे, जहां उन्होंने आगामी पश्चिम बंगाल चुनावों और देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर खुलकर अपनी राय रखी। विज ने दावा किया कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पिछले कई राज्यों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है, ठीक उसी तरह पश्चिम बंगाल में भी इस बार बीजेपी का परचम लहराएगा। विज ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अन्य पार्टियाँ हताशा में हैं, जबकि बंगाल की जनता पहली बार बिना किसी डर के मतदान करने के लिए तैयार है।
बंगाल में ‘क्रिमिनल कल्चर’ और महिला सुरक्षा पर प्रहार
पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान होने वाली हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए अनिल विज ने ममता सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में ‘क्रिमिनल कल्चर’ बहुत पुराना है, जिसे मौजूदा सरकार ने बढ़ावा दिया है। विज ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बीजेपी के नेताओं ने खुले मंच से वादा किया है कि 4 मई (परिणामों) के बाद बंगाल की स्थिति बदलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी की सरकार आने के बाद वहां रात के 2:00 बजे भी कोई भी महिला बिना किसी डर के अकेले कहीं भी आ-जा सकेगी।
राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला
हाल ही में राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि चड्ढा अकेले नहीं आए हैं, बल्कि उनके साथ 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हुए हैं। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की ‘गठरी’ टूटना करार दिया। विज ने ‘आप’ पर आरोप लगाया कि यह पार्टी अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से मिले जनसमर्थन को ‘चुराकर’ सत्ता में आई थी। उन्होंने कहा कि अब उनके अपने ही सांसद कह रहे हैं कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और मुद्दों से भटक चुकी है, यही कारण है कि ईमानदार नेता अब बीजेपी का दामन थाम रहे हैं।

