पानीपत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक स्कूटी सवार युवक को 204 ग्राम अफीम के साथ दबोचा। आरोपी दिल्ली से नशा खरीदकर मुनाफा कमाने के लिए तस्करी कर रहा था।

प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए सीआईए-1 की टीम ने एम3एम (M3M) से काबड़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर एक नशा तस्कर को 204 ग्राम अफीम सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान काबड़ी निवासी रणधीर उर्फ सोनू पुत्र हुकमचंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में उपयोग की जा रही एक्टिवा स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल हुई बरामदगी

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनकी टीम गश्त के दौरान एम3एम गेट नंबर तीन के पास मौजूद थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि रणधीर नामक युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर काबड़ी से जीटी रोड की तरफ जाने वाला है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस ने नाले के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद काबड़ी की ओर से आ रहे एक युवक को रोककर जब ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सतपाल की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी पैंट की जेब से प्लास्टिक की पन्नी में लिपटी 204 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है।

दिल्ली से लाया था खेप, दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी रणधीर ने खुलासा किया कि वह शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए करीब 15 दिन पहले दिल्ली से 500 ग्राम अफीम खरीदकर लाया था। इसमें से कुछ हिस्सा उसने खुद इस्तेमाल किया और बाकी राह चलते लोगों को बेच दिया। थाना पुराना औद्योगिक में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस अब दिल्ली स्थित मुख्य सप्लायर के ठिकानों का पता लगाने का प्रयास करेगी।