Rajasthan News: ओडिशा के क्योंझर से आई एक ऐसी तस्वीर जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, उस पर राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बड़ा कदम उठाया है। एक बेबस भाई, जो अपनी मरी हुई बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया था, उसकी मदद के लिए बाबा ने अपना एक महीने का वेतन देने का ऐलान किया है। डॉ. किरोड़ी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे मानवता पर कलंक बताया है।

पूरा मामला ओडिशा के जीतू मुंडा का है। जीतू की बहन कलारा मुंडा की मौत 26 जनवरी 2026 को हो गई थी। उसके बैंक खाते में 20 हजार रुपए जमा थे। जीतू को पैसों की सख्त जरूरत थी, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने कागजी खानापूर्ति के नाम पर उसे चक्कर कटवाए और शर्त रख दी कि खाताधारक को साथ लाओ। अनपढ़ जीतू को नियमों का पता नहीं था, वह बार-बार बहन की मौत की बात कहता रहा लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आखिरकार, बेबसी में उसने अपनी बहन की कब्र खोदी और कंकाल को बोरे में भरकर 3 किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंच गया।
कलेजा कांप उठा- डॉ. किरोड़ी ने ओडिशा CM को लिखी चिट्ठी
राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोशल मीडिया पर जीतू मुंडा की आपबीती साझा करते हुए लिखा जीतू मुंडा की बेबसी देखकर कलेजा कांप उठा। एक गरीब आदिवासी के साथ कागजी खानापूर्ति के नाम पर ऐसी प्रताड़ना किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है। उन्होंने आगे लिखा कि जीतू का दर्द उनका अपना दर्द है। डॉ. किरोड़ी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहनचरण माझी से इस मामले में दोषी बैंक कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अपनी पूरी सैलरी जीतू के नाम की
मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने घोषणा की है कि वे अपने एक महीने का पूरा वेतन और भत्ता (कुल 1 लाख 45 हजार रुपए) जीतू मुंडा के परिवार को देंगे। बता दें कि डॉ. किरोड़ी को 65 हजार रुपए सैलरी और 80 हजार रुपए भत्ता मिलता है। उन्होंने कहा कि यह हम सबका दायित्व है कि संकट की इस घड़ी में कोई भी खुद को असहाय न समझे।
नॉमिनी की मौत ने फंसाया था पेंच
मिली जानकारी के मुताबिक, जीतू की बहन कालरा के खाते में उसके पति और बेटे नॉमिनी थे, लेकिन उन दोनों की भी पहले ही मौत हो चुकी थी। जीतू इकलौता वारिस बचा था, लेकिन बैंक के नियमों की दीवार इतनी ऊंची थी कि उसे इंसाफ के लिए अपनी बहन की अस्थियों का सहारा लेना पड़ा। अब राजस्थान से उठी इस आवाज के बाद ओडिशा प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है।
पढ़ें ये खबरें
- Exclusive: उद्घाटन के बाद भी बंद पड़ा इंदौर एयरपोर्ट का टर्मिनल-1, 50 फीट ऊपर बिना सुरक्षा के काम, कर्मचारी की जान से खिलवाड़
- म्यूजिक डायरेक्टर से गैंगस्टर बना राव इंद्रजीत यादव दुबई में गिरफ्तार, ED की दबिश से पहले विदेशी पुलिस ने दबोचा
- ”निराधार… ” पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल पर भड़की TMC, बोली – बीजेपी 50 से ज्यादा सीट नहीं जीतेगी
- विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, सदन में सरकार को घेरने की तैयारी
- निर्दलीय विधायक के बेटे की भव्य सगाई! आशीर्वाद देने पहुंचे CM नायब सैनी, 15 एकड़ में सजा पंडाल
