हरियाणा पुलिस और ED के वांटेड राव इंद्रजीत यादव को दुबई पुलिस ने चेक बाउंस मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या और रिश्वतखोरी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

गुरुग्राम। म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले राव इंद्रजीत यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लिए सिरदर्द बने राव इंद्रजीत को दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी 24 अप्रैल को एक चेक बाउंस मामले में हुई है। दिलचस्प बात यह है कि जिस वक्त दुबई पुलिस ने उसे दबोचा, भारतीय जांच एजेंसी ED की टीम भी उसकी गिरफ्तारी के लिए दुबई पहुँच चुकी थी। फिलहाल, इंद्रजीत यादव दुबई की जेल में बंद है और भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हैं।

अपराध की लंबी फेहरिस्त और IPS को रिश्वत का आरोप

राव इंद्रजीत यादव का नाम हरियाणा के कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में शामिल है। उस पर रोहतक में तैनात IPS अधिकारी वाई पूर्ण सिंह को रिश्वत देने की कोशिश का गंभीर आरोप लगा था। इसके अलावा, बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग और उनके दोस्त रोहित शौकीन की हत्या के मामले में भी इंद्रजीत की संलिप्तता संदिग्ध मानी जाती रही है। डीघल गांव के एक फाइनेंसर की हत्या के मामले में भी पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। अपनी इन्हीं काली कारगुजारियों के कारण वह ED की रडार पर भी आ गया था, जो मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।

लग्जरी लाइफस्टाइल और जेम्स ट्यून्स का साम्राज्य

राव इंद्रजीत यादव केवल अपराध ही नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत में भी एक जाना-माना नाम है। वह ‘जेम्स ट्यून्स’ (जेम्स रिकॉर्ड्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड) नामक संगीत कंपनी का मालिक है, जो हरियाणवी, पंजाबी और हिंदी क्षेत्रीय गानों के लिए मशहूर है। साल 2006 में स्थापित यह कंपनी एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के रूप में भी काम करती है। सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम पर इंद्रजीत की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके 15 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर बॉलीवुड सितारों के साथ अपनी तस्वीरें साझा कर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल का प्रदर्शन करता था। फिलहाल, ED की टीम उसे भारत लाने के लिए दुबई में ही डेरा डाले हुए है।