गुरुग्राम. नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों को लेकर चल रहा सवा साल का लंबा इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कड़े निर्देश के बाद निगम आयुक्त ने इस चुनावी प्रक्रिया के लिए आधिकारिक नोटिस जारी किया है जिसके तहत आज सुबह 11 बजे हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी।

इस चुनाव की अध्यक्षता मेयर राजरानी मल्होत्रा कर रही हैं जिसमें निगम के सभी 36 निर्वाचित पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग कर शहर के नए जनपदों का चुनाव करेंगे।
प्रशासन ने इस संवेदनशील चुनावी प्रक्रिया को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराया जा सके। यदि उम्मीदवारों के बीच सर्वसम्मति नहीं बनती है तो बैलेट पेपर के जरिए गुप्त मतदान होगा जिसके नतीजे आज दोपहर बाद तक स्पष्ट हो जाएंगे।
राव बनाम राव की प्रतिष्ठा की लड़ाई:
संख्या बल के हिसाब से नगर निगम में भाजपा के पास 36 में से 24 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत है लेकिन यह चुनाव दक्षिण हरियाणा के दो बड़े सियासी दिग्गजों के बीच वर्चस्व की जंग बन गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के गुटों के बीच अपने-अपने समर्थकों को इन पदों पर बैठाने की होड़ लगी हुई है जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
भाजपा के भीतर छिड़ा सियासी घमासान
इन पदों का चुनाव शहर के रुके हुए विकास प्रोजेक्ट्स के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इनके खाली होने से फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी जैसी अहम समितियां निष्क्रिय पड़ी थीं। आज होने वाले इस फैसले से न केवल गुरुग्राम के विकास को नई रफ्तार मिलेगी बल्कि यह भी तय होगा कि क्षेत्र की राजनीति में किस दिग्गज नेता का पलड़ा भारी रहता है।
.हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

