संजीव, सोनीपत। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह IPS, ADGP के निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन मेधा भूषण IPS के नेतृत्व में ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत एवं प्रभावी बनाया गया है।
विश्वविद्यालय परिसर के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने, विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिला स्टाफ तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष पुलिस प्रबंध लागू किए गए हैं। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त राई विपिन अहलावत, थाना प्रबंधक राई धीरज कुमार एवं थाना प्रबंधक कुंडली सेठी मलिक द्वारा मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ कार्य करने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन एवं विद्यार्थियों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता
विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं एवं महिला स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई है। महिला पुलिस टीम को विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
लगातार गश्त एवं निगरानी
क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त को बढ़ाया गया है तथा आने-जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस टीमों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को किया गया सुचारू
विश्वविद्यालय के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने हेतु विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए *विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय* स्थापित किया जा रहा है, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।*सोनीपत पुलिस* नागरिकों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

