नवीन शर्मा, हांसी। भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा ने हांसी का दौरा कर आगामी 9 मई को अंबाला के शहजादपुर में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती का न्योता दिया है। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे जबकि वी.के. सिंह समेत प्रदेश के तमाम विधायक विशिष्ट अतिथि होंगे। राणा ने बताया कि इस बार आयोजन में 40 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है और इसके लिए नए बने जिले हांसी सहित पूरे प्रदेश में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

जेजेपी की महापंचायत और छात्र संघ चुनाव पर तीखा प्रहार
नेपाल सिंह राणा ने हिसार में हुई जेजेपी की महापंचायत को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब अन्याय हुआ ही नहीं तो न्याय कैसा। उन्होंने छात्र संघ चुनाव दोबारा शुरू करने की मांग को खारिज करते हुए तर्क दिया कि इन चुनावों के बंद होने से ही शिक्षा के स्तर में सुधार आया है और दिग्विजय चौटाला केवल माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में बनेगी बीजेपी की सरकार
इसके अलावा राज्यसभा सांसद द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर की गई टिप्पणी को उन्होंने अनुचित बताते हुए मर्यादित राजनीति की सलाह दी और दावा किया कि भाजपा जल्द ही पश्चिम बंगाल में भी अपनी सरकार बनाने में कामयाब होगी।

