सोनू वर्मा नूंह। हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां खंड के सटकपुरी गांव स्थित फेयर एक्सपोर्ट मीट फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि ऊंची लपटों के साथ काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पिनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग फैक्ट्री में रखे पैकिंग कार्टूनों में लगी, जिसने तेजी से पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान होने का अनुमान है।
घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा। जाकिर हुसैन, अब्दुल मन्नान, शौकत अली और तालीम खान सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि आग के बाद घना धुआं फैल गया था, जिससे सांस लेना भी मुश्किल हो गया था।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित मीट फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण और धुएं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं भविष्य में बड़े खतरे का संकेत हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फैक्ट्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन की सख्त जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

