धनेश, रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में एडीसी राहुल मोदी ने जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निवारण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

समाधान शिविर में एडीसी राहुल मोदी ने गांव पाडला में गंदे पानी की निकासी न होने पर एडीसी ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को पानी की निकासी का प्रबंध करवाने के निर्देश दिए। गांव हांसाका में घर की छत के ऊपर से जा रही बिजली की तार हटवाने के लिए एडीसी ने बिजली निगम के अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करते हुए घर की छत से तार हटवाई जाए।

गांव माजरा भालखी की कॉलोनी में पीने के पानी की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पीने का स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। गांव सुठाना में सूखे पड़े जोहड़ की शिकायत पर एडीसी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहर में पानी उपलब्ध करवाकर जोहड़ में के निर्देश दिए।

समाधान शिविर में विद्यार्थियों की एसएलसी की शिकायत पर एडीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई न रुके इसके लिए बच्चों को स्कूल से एसएलसी दिलवाई जाए।

उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए किसी भी निजी स्कूल द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।


इसके अलावा एडीसी ने फैमिली आईडी, बिजली, पेंशन व पुलिस विभाग के संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता से निवारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।