संजीव,सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम चुनाव के गहमाहट के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांग्रेस महिला विंग की प्रदेश महासचिव और वार्ड‑5 से आजाद निगम पार्षद प्रत्याशी संतोष कादियान के 32 वर्षीय बेटे नवीन कादियान ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे की मौत से एक तरफ चुनावी मैदान में उतरी नेता के घर में शोक की लहर दौड़ गई, तो दूसरी तरफ थाना प्रशासन और पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।

मानसिक रूप से था परेशान
मृतक नवीन के पिता जयपाल ने बताया कि नवीन डायबिटीज की बीमारी से पीड़ित था और करीब ढाई महीने पहले उसकी नौकरी चली गई थी। नौकरी जाने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था। उसकी दो बेटियां हैं। इसके अलावा परिवार में माता‑पिता और बड़ा भाई अजय भी हैं।
नवीन अपनी मां संतोष कादियान के चुनाव प्रचार में दिन‑रात एक किए हुए था। वह चुनावी कार्यालय में बैनर लगाने, ध्वनिकार की व्यवस्था और जनसंपर्क कार्य में सक्रिय रूप से शामिल रहता था। गुरुवार को भी दोपहर करीब 2 बजे तक वह मां के साथ चुनावी कार्यालय में नजर आया। उसके बाद घर वापस आकर खाना खाया और मां को फिर से कार्यालय छोड़कर आया।
मां को कार्यालय छोड़कर आने के आधे घंटे बाद लगाई फांसी
लेकिन मां के कार्यालय छोड़कर आने के लगभग आधे घंटे के भीतर नवीन अपने ही घर के ऊपरी मंज़िल में बने कमरे में फांसी का फंदा बना लिया और खुद को फंसा लिया। जब मृतक नवीन की बेटी ऊपर कमरे में गई तो उन्होंने पिता को फंदे पर लटके देखा और नीचे उतरकर पूरे परिवार को बताया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर सिविल अस्पताल, सोनीपत पहुंचाया।
आत्महत्या के कारणों में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

