मयूरभंज: रायरंगपुर से भाजपा (BJP) विधायक जलेन नायक एक गंभीर विवाद में फंस गए हैं. एक 61 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला प्रधानाध्यापिका ने उन पर यौन शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि विधायक के साथ उनके पिछले 32 वर्षों से संबंध थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जलेन नायक ने शादी का झांसा देकर उनका शारीरिक शोषण किया है.

महिला का दावा है कि विधायक ने अपने राजनीतिक करियर के दौरान, विशेष रूप से चुनावों के समय, उनसे समय-समय पर लाखों रुपये लिए और अब पैसे लौटाने या रिश्ता निभाने से इनकार कर रहे हैं. यह मामला तब उजागर हुआ जब मंगलवार को रायरंगपुर के रतनसाही बाजार में महिला ने विधायक को आमने-सामने पकड़ लिया. दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में महिला ने विधायक की कार पर पत्थरबाजी की, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया.

विपक्षी दल बीजेडी (BJD) ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाया है. बीजेडी की एक ‘फैक्ट फाइंडिंग टीम’ ने पीड़ित महिला से मुलाकात की और उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस (SDPO) को ज्ञापन सौंपा है. तिरिंग पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्टेशन डायरी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. विधायक जलेन नायक ने इन सभी आरोपों को झूठा और राजनीति से प्रेरित बताया है. उनका कहना है कि यह उनकी छवि खराब करने की एक साजिश है.