अजय सैनी,भिवानी। जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। होली के दौरान एक अनुसूचित जाति परिवार के घर में घुसकर जानलेवा हमला और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच पर ह्यूमन राइट्स एंड एंटी करप्शन काउंसिल ने संतोष जताते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

तेजी से कार्रवाई, आरोपियों को भेजा गया जेल

काउंसिल के चेयरमैन अधिवक्ता शिवकुमार बेड़वाल और राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता अजय सभ्रवाल ने पुलिस अधीक्षक सहित पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्गों पर अत्याचार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और इस कार्रवाई से समाज में न्याय के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

सभी 8 आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार 2 मार्च की रात नवा गांव में पूजा के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे और गली में खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी लोहारू संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।