परवेज खान, यमुनानगर। हरियाणा में गर्मी अब खतरनाक स्तर पर पहुंचती जा रही है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि इस साल तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और अस्पतालों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्तर भारत में गर्मी अपने चरम पर है। हरियाणा में जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया जा रहा है, वहीं अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका है इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी जिला अस्पतालों, पीएचसी और सीएचसी को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
गर्मी से बचाव के लिए उचित इंतजाम
यमुनानगर में सीनियर डिप्टी मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिव्या मंगला ने कहा कि सरकार ने हॉस्पिटल में भी गर्मी से बचाव के लिए उचित इंतजाम के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के वेटिंग एरिया, ओपीडी और फार्मेसी में एसी और कूलरों की सर्विसिंग के आदेश दिए गए हैं। मरीजों के लिए 24 घंटे ठंडे और स्वच्छ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ओआरएस और डिहाइड्रेशन से निपटने वाली दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं
गर्मी से बचाव के लिए हर 1 से 1.5 घंटे में पानी जरूर पिएं
डॉ. दिव्या मंगला ने चेतावनी दी है कि इस मौसम में हैजा, टाइफाइड और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। उल्टी और दस्त के कारण शरीर में पानी की कमी जानलेवा साबित हो सकती है। गर्मी से बचाव के लिए हर 1 से 1.5 घंटे में पानी जरूर पिएं, बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें, ओआरएस का घोल नियमित अंतराल पर लेते रहें। तेज धूप से बचें और हल्के, सूती कपड़े पहनें
सतर्क रहें और गर्मी से खुद को सुरक्षित रखें
स्वास्थ्य विभाग की इस एडवाइजरी का मकसद सिर्फ अस्पतालों की तैयारियों को मजबूत करना नहीं, बल्कि आम लोगों को जागरूक करना भी है। ऐसे में जरूरी है कि आप सतर्क रहें और गर्मी से खुद को सुरक्षित रखें।

