नूंह के वार्ड नंबर 3 में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के समय परिवार शादी समारोह में शामिल होने गांव गया हुआ था।
सोनू वर्मा, नूंह। जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मदीना कॉलोनी का है, जहाँ अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात वार्ड नंबर 3 स्थित बालाजी पेट्रोल पंप के पीछे एक घर में हुई। बताया जा रहा है कि घटना के समय पीड़ित परिवार अपने गांव खोरीशाह में एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इत्मीनान से पूरी वारदात को अंजाम दिया।
बच्चों की शादी के लिए जमा की गई पूंजी ले उड़े चोर
पीड़ित महिला द्वारा सिटी थाना नूंह में दी गई शिकायत के अनुसार, परिवार 27 अप्रैल की शाम घर को ताला लगाकर गया था। जब 29 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे बच्चे वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर अलमारी और संदूकें खुली पड़ी थीं और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने एक संदूक से करीब 5 लाख रुपये नकद, दो तोला सोना और 750 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी किए। वहीं दूसरी संदूक में रखे 1 लाख 45 हजार रुपये भी गायब थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह बड़ी रकम उन्होंने बच्चों की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर जमा की थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। इस मामले में सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक संदिग्ध चोर सामान ले जाता हुआ कैद हुआ है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जबकि पीड़ित परिवार ने जल्द खुलासे की मांग की है।

