देहरादून. शनिवार को राज्य में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम (Cell Broadcasting System) के माध्यम से एक परीक्षण अलर्ट (test alerts) जारी किया जाएगा. इस परीक्षण का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना और यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समयबद्ध और व्यापक रूप से प्रसारित हो सकें. उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस परीक्षण अलर्ट को परीक्षण अलर्ट ही समझें. इस अलर्ट से किसी भी प्रकार से घबराने की आवश्यकता नहीं है.
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इस पहल का मुख्य उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान और आपदा संबंधी सूचनाओं को आम जनमानस तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि संभावित आपदा के प्रति लोगों को पहले से सचेत किया जा सके और जन-धन की हानि को न्यून किया जा सके.
इसे भी पढ़ें : नए आयाम स्थापित कर रही केदारनाथ यात्रा, भारी जनसैलाब के बीच सुचारु रूप से चल रही व्यवस्थाएं
यह परीक्षण विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में किया जाएगा, जिससे यह आकलन किया जा सके कि अलर्ट संदेशों का प्रसारण कितनी प्रभावशीलता से हो रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है. साथ ही, विभिन्न परिस्थितियों में संदेशों की त्वरित और सटीकता का भी परीक्षण किया जाएगा. इस समग्र प्रक्रिया का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में राज्य के नागरिकों को समय रहते सचेत करना है, ताकि वे आवश्यकतानुसार सावधानी बरत सकें. इसके अतिरिक्त, इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा.
भविष्य में किसी भी प्रकार के आपदा के सम्भावना होने पर वास्तविक अलर्ट जारी किया जाएगा. ऐसे अलर्ट को गंभीरता से लिया जाना होगा और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाना आवश्यक होगा. ऐसा करने से हमें आपदा के पूर्व ससमय चेतावनी प्राप्त हो सकेगी और हम अपना, परिजनों, अपने शुभचिन्तकों, अपने मित्रों और जनसामान्य का बचाव कर सकेंगे. भविष्य में समय-समय पर इस प्रणाली के बारे में जागरूकता कार्यक्रम चलाते हुए लोगों को जागरूक किया जाएगा. यह संयुक्त प्रयास राज्य को आपदाओं के प्रति अधिक सजग, सुरक्षित और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
इसे भी पढे़ें : कुंभ मेला 2027: CM धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 1252 करोड़ की दी स्वीकृति
भारत द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए अपने नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा के लिए सेल ब्रॉडकास्ट की शुरुआत की जा रही है. इस संदेश की प्राप्ति पर जनता से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई अपेक्षित नहीं है. यह एक परीक्षण संदेश है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

