मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में उद्योगपतियों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को मजबूत करने और पंजाब को फिर से 'रंगीला' बनाने का आह्वान किया।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में उद्योगपतियों और स्थानीय जनता के बीच एक बड़ा सियासी संदेश दिया है। उन्होंने अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को और अधिक मजबूती प्रदान करें, ताकि पंजाब को भी विकास की एक नई और सकारात्मक दिशा मिल सके। सीएम सैनी ने पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्षी दलों की टकराव वाली राजनीति ने पंजाब को आर्थिक रूप से कमजोर किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है, तो राज्य को फिर से ‘रंगीला पंजाब’ बनाकर विकास के मामले में नंबर वन बनाया जाएगा।

हरियाणा का औद्योगिक मॉडल और नई नीतियां

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने हरियाणा के औद्योगिक विकास का उदाहरण पेश किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पिछले साढ़े 11 वर्षों में निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया है, जिससे राज्य निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। सीएम सैनी ने घोषणा की कि हरियाणा में जल्द ही ‘लैंड फीज़िबिलिटी सर्टिफिकेट’ व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिससे महज 45 दिनों में डिजिटल प्रमाण पत्र मिल सकेगा। इसके अलावा, 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर-जरूरी नियमों को खत्म किया गया है और राज्य में 10 नए मेगा आईएमटी (IMT) विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के अभियानों से बदली औद्योगिक तस्वीर

सीएम सैनी ने जोर देकर कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश के औद्योगिक परिदृश्य को बदल दिया है। हरियाणा में उद्योगों को गति देने के लिए ‘प्लग-एंड-प्ले’ फैक्ट्रियां, ‘एडवांस रुलिंग पोर्टल’ और MSME बीमा योजना जैसी क्रांतिकारी पहलें की गई हैं। उन्होंने पंजाब के उद्योगपतियों को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं और मांगों को केंद्र सरकार के साथ मिलकर हल किया जाएगा। अंत में उन्होंने दोहराया कि पंजाब में नीतिगत स्थिरता और बेहतर कानून-व्यवस्था केवल भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है, जिससे उद्योगों को बिजली संकट और अन्य बाधाओं से मुक्ति मिलेगी।