सांसद कुमारी सैलजा ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई ऐतिहासिक वृद्धि पर केंद्र सरकार की आलोचना की है और इसे आम जनता की जेब पर डाका बताया है।

श्रवण प्रजापति, सिरसा। सांसद कुमारी सैलजा ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। आज सिरसा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश इस समय महंगाई की मार से त्रस्त है, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। सैलजा ने विशेष रूप से 1 मई 2026 को रसोई गैस (LPG) की कीमतों में हुई हालिया भारी बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी कि इसका सीधा असर न केवल घरेलू बजट पर पड़ेगा, बल्कि इससे खाने-पीने की वस्तुओं के दाम भी बेतहाशा बढ़ जाएंगे।

कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी

सांसद कुमारी सैलजा ने आंकड़ों के साथ सरकार को घेरते हुए बताया कि साल 2026 के शुरुआती पांच महीनों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलो) की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि 1 मई 2026 को ही कीमतों में 993 रुपये की ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है, जबकि जनवरी से अब तक कुल उछाल 1,490 रुपये तक पहुँच चुका है। सैलजा के अनुसार, फरवरी में 49.50, मार्च में 141.50 और अप्रैल में करीब 195 रुपये की वृद्धि के बाद अब इस भारी इजाफे से होटल, ढाबे और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ेगी, जिसका खामियाजा अंततः आम जनता को भुगतना होगा।

ठोस नीति की कमी और जवाबदेही पर सवाल

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास महंगाई को नियंत्रित करने की न तो कोई ठोस नीति है और न ही कोई इच्छाशक्ति। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर आवश्यक वस्तुओं के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। सांसद ने केंद्र सरकार से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से गैस की कीमतों में राहत दी जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए एक पारदर्शी नीति लागू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के प्रति जवाबदेही से सरकार भाग नहीं सकती और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।