वेस्ट बंगाल के दक्षिण 24 परगना में 15 पोलिंग बूथों पर आज Repolling हो रही है. लोग बड़ी संख्या में घरों से निकलकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह से पुनर्निर्वाचन जारी है. इस बीच दोपहर 1 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार डायमंड हार्बर और मगराहट पश्चिम दोनों ही क्षेत्रों में 54.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया हैप्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात हैं. बूथ परिसर और आसपास के इलाकों में निगरानी रखी जा रही है.

गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं

बता दें कि, री-पोलिंग उन मतदान केंद्रों पर कराई जा रही है जहां पहले चरण के दौरान अनियमितताओं या गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं. चुनाव आयोग ने इन क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है. केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस भी लगातार निगरानी बनाए हुए है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मतदान प्रतिशत में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई. दोपहर तक 50 प्रतिशत से अधिक मतदान होना इस बात का संकेत है कि लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि मतदाताओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े. गर्मी को देखते हुए पेयजल और छाया की व्यवस्था भी की गई है. चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार अब तक मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके.

राजनीतिक दलों की नजर भी इस री-पोलिंग पर बनी हुई है क्योंकि इन क्षेत्रों के परिणाम चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में हर वोट की अहमियत और बढ़ गई है. फिलहाल मतदान जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि अंतिम घंटों में मतदान प्रतिशत और भी बढ़ सकता है. चुनाव आयोग शाम तक अंतिम आंकड़े जारी करेगा, जिसके बाद पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m