रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव जाडरा में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। नया घर बनाने के लिए पुराने मकान का लैंटर तोड़ते समय 52 वर्षीय भरत सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वे ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक गांव के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश के सगे भाई थे।
पैर फिसलने से गिरे
जानकारी के अनुसार, भरत सिंह शनिवार सुबह अपने पुराने घर की छत पर बनी मोंटी को तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह सीधे दूसरी छत पर आ गिरे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। भरत सिंह पेशे से किसान थे और अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटा छोड़ गए हैं।
मौेके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ। ग्रामीण इस घटना को एक दर्दनाक हादसा बता रहे हैं।

