एसपी के निर्देश पर कलायत पुलिस ने हाईवे के ढाबों पर औचक छापेमारी कर अवैध शराब परोसने के खेल का भंडाफोड़ किया और कई युवकों को हिरासत में लिया।

सूबे सिंह मोर, कैथल। जिले के कलायत क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक (SP) मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए कलायत पुलिस ने नेशनल हाईवे पर स्थित ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर अचानक छापेमारी की। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने जैसे ही विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी, अवैध रूप से शराब परोसने वाले संचालकों और वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। पुलिस की मुस्तैदी के कारण भागने की कोशिश कर रहे संदिग्धों को घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया गया।

नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ढाबों पर शिकंजा

जांच के दौरान पुलिस को कई ढाबों और होटलों के पिछले हिस्सों में गुप्त रूप से युवाओं को शराब परोसने के पुख्ता सबूत मिले। मौके पर नशे की हालत में पाए गए कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ढाबा संचालक भोजन की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर अवैध अहाते संचालित कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह न केवल सामाजिक माहौल खराब कर रहा है, बल्कि शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण होने वाले सड़क हादसों का भी एक प्रमुख कारण है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से संदिग्ध सामान भी अपने कब्जे में लिया है।

नियम तोड़े तो सील होंगे संस्थान

पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हाईवे किनारे किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के समापन पर थाना प्रभारी ने सभी होटल और ढाबा संचालकों को कड़ा अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी परिसर के भीतर ग्राहक शराब पीते पाए गए, तो संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी मामला दर्ज करने के साथ-साथ उनके व्यापारिक संस्थान को तुरंत सील कर दिया जाएगा। उन्होंने हिदायत दी कि ढाबे केवल शुद्ध खान-पान के लिए हैं, उन्हें नशे का अड्डा न बनाया जाए। पुलिस ने घोषणा की है कि हाईवे पर सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा और यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।