कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। अपेक्स बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के स्वागत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। वह भोपाल में पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचे थे। यहां स्टेशन पर स्वागत के दौरान बीजेपी जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया और प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के PSO के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रदेश मीडिया प्रभारी को खुद बीच-बचाव करने उतरना पड़ा।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन का ये नजारा आज राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया। अपेक्स बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के स्वागत के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे थे। जैसे ही अध्यक्ष महोदय स्टेशन पहुंचे, फूल-मालाओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई और इसी दौरान माहौल गरमा गया। विवाद बीजेपी जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया और बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के PSO के बीच हुआ। 

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों के बीच तीखी बहस हो रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की असली वजह क्या थी, लेकिन भीड़ के बीच हुई इस नोकझोंक ने पार्टी की गुटबाजी या तालमेल की कमी को सार्वजनिक कर दिया है। विवाद बढ़ता देख प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने मोर्चा संभाला और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। लेकिन तब तक स्टेशन पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 

बहरहाल इस पूरे मामले पर फिलहाल पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन स्वागत समारोह में हुए इस विवाद ने शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब देखना यह होगा कि पार्टी अनुशासन को लेकर सुर्खियों में रहने वाली बीजेपी इस ‘स्टेशन कांड’ पर क्या रुख अपनाती है।

https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m