फिरोजपुर। फिरोजपुर के झोक रोड पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक चलती हुई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते स्कूटी आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत यह रही कि स्कूटी चला रहे युवक ने समय रहते नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी दलजीत सिंह नामक युवक की थी, जो अपने गांव झोक हरिहर से फिरोजपुर कैंट की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह झोक रोड पर पहुंचा, तो उसे अचानक स्कूटी के बीच से धुआं निकलता दिखाई दिया। खतरे को भांपते हुए दलजीत तुरंत स्कूटी छोड़कर दूर भाग गया। उसके हटते ही स्कूटी से ऊंची लपटें उठने लगीं।
डेढ़ साल पहले ही खरीदी थी स्कूटी
पीड़ित दलजीत सिंह ने बताया कि उसने लगभग डेढ़ साल पहले ही ओला कंपनी की यह इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। उसने बताया कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्कूटी से धुआं निकलते ही आग लग गई। अगर मैं तुरंत नीचे न उतरता, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

दमकल विभाग ने पाया काबू, पर खाक हुई स्कूटी
हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद की और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को शांत किया। हालांकि, तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
EV सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की सुरक्षा, खासकर उनकी बैटरी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बीच सड़क पर हुई इस घटना ने अन्य इलेक्ट्रिक वाहन चालकों में भी चिंता पैदा कर दी है।
- फरीदाबाद: यूट्यूब पर वीडियो देखकर झील घूमने आए युवक की डूबने से मौत
- आदिवासी युवक की निकलती रही चीख, सुरक्षाकर्मी करते रहे हॉकी से वार, वीडियो देख कांप जाएगी रूह
- महंगाई की मार से हर वर्ग परेशान, गैस कीमतों में बढ़ोतरी से हालात और खराब: कैप्टन अजय सिंह यादव
- बेलगाम कचरा वाहन: युवक को बेरहमी से कुचला, इलाज से पहले मौत
- उत्तर प्रदेश में ‘उपयोगिता’ को लेकर सियासी उबाल, बृजभूषण के सपा में शामिल होने के कयास!

