सुशीला देवी गुडगांव। गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली वारदात में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज घटना 14 अगस्त 2025 की है, जब सेक्टर-17/18 थाना क्षेत्र में एक युवक की छत से गिरकर मौत होने की सूचना पुलिस को मिली थी।


मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। मृतक की पहचान मंजीत (22), निवासी बांदा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सिरहोल, गुरुग्राम के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मामूली मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद ने इस खौफनाक हत्याकांड का रूप ले लिया।


मृतक के भाई की शिकायत के अनुसार, मंजीत ने अपने पड़ोसी अमन तिवारी का मोबाइल बिना पूछे उठा लिया था। इसी बात से नाराज अमन ने अपने साथियों अखिलेश और शशिकांत के साथ मिलकर मंजीत को बुलाया। तीनों ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की, जबरन उसके आधे सिर के बाल काट दिए और उसे जान से मारने की धमकी दी।


जान बचाने के लिए मंजीत एक इमारत की चौथी मंजिल पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी वहां भी पीछे पहुंच गए। आरोप है कि अमन ने उसे छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों अमन तिवारी और अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। अब 30 अप्रैल 2026 को तीसरे आरोपी शशिकांत को भी गुरुग्राम से दबोच लिया गया। वह वारदात के बाद से फरार चल रहा था।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाल काटने में इस्तेमाल किया गया हेयर ट्रिमर भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।