गुलशन कुमार, नांगल चौधरी। हरियाणा के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव आसरावास में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान धर्मपाल के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले को हत्या से जोड़कर देखा है।

मृतक की पत्नी का अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध
धर्मपाल के भाई ने पुलिस में दर्ज शिकायत में दावा किया है कि धर्मपाल की पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पहले भी कई बार पंचायत स्तर पर मामला सुलझाने के प्रयास किए गए थे। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के कारण धर्मपाल मानसिक तनाव में थे।

परिजनों ने पत्नी और उसके साथी पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि धर्मपाल की पत्नी और उसके कथित साथी ने मिलकर उनकी हत्या की है या उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, धर्मपाल ने पहले भी कई बार समाज में बदनामी होने और जान देने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नारनौल भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

