अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को ग्रामीण मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार हुई इस बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुनील भारद्वाज धारेडू ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक मौजूद रहे।

बैठक में मई माह की कार्ययोजना और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा की असली शक्ति बूथ स्तर के समर्पित कार्यकर्ता हैं।

उन्होंने लक्ष्य निर्धारित किया कि प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुख से लेकर सामान्य कार्यकर्ता को सक्रिय किया जाए ताकि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत बूथ ही संगठन को अपराजेय बनाता है। मंडल अध्यक्ष सुनील भारद्वाज धारेडू ने कहा कि हर गांव और वार्ड में बैठकें कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है और जमीनी स्तर पर विपक्ष की चुनौतियों का सामना करने के लिए संगठन को तैयार किया जा रहा है।