पानीपत : हरियाणा के पानीपत से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कांग्रेस नेता सचिन कुंडू से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस घटना के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि यह धमकी किसी आम शख्स ने नहीं, बल्कि गैंग से जुड़े व्यक्ति ने दी है।

मिली जानकारी के अनुसार 3 मई की शाम को सबसे पहले सचिन कुंडू को कॉल किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसके बाद व्हाट्सएप पर वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें 5 करोड़ रुपये की मांग की गई। खास बात यह है कि कॉल और मैसेज विदेशी नंबर से आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

वॉयस मैसेज में आरोपी ने खुद को कुख्यात रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया और साफ तौर पर धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के बाद नेता और उनके परिवार में डर का माहौल है, वहीं पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं।